Skip to content
Home » Maharashtra में PM Modi ने फिर भरी हुंकार, बोले- अबकी बार… 400 पार, INDI गठबंधन पर साधा निशाना

Maharashtra में PM Modi ने फिर भरी हुंकार, बोले- अबकी बार… 400 पार, INDI गठबंधन पर साधा निशाना

  • by
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 करोड़ से अधिक किसानों को 21 हजार करोड़ से अधिक की सम्मान राशि सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की और साथ ही महाराष्ट्र में रेल, सड़क और सिंचाई से संबंधित बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मैं 10 साल पहले जब ‘चाय पर चर्चा’ करने यवतमाल आया था, तो आपने बहुत आशीर्वाद दिया और देश की जनता ने NDA को 300 पार पहुंचा दिया। फिर मैं 2019 में फरवरी के महीने में ही यवतमाल आया था। तब भी आपने हम पर खूब प्रेम बरसाया। देश ने भी तब NDA को 350 पार करा दिया। आज जब 2024 के चुनाव से पहले मैं विकास के उत्सव में शामिल होने आया हूं, तब पूरे देश में एक ही आवाज गूंज रही है। अबकी बार… 400 पार!
 

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस की जीत पर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना और द्रमुक के विज्ञापन में चीनी झंडा दिखना बड़ी चेतावनी है

नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम देश बनाने के लिए, देशवासियों का जीवन बदलने के लिए एक मिशन लेकर निकले हुए लोग हैं। इसलिए बीते 10 वर्ष में जो कुछ किया, वो आने वाले 25 वर्ष की नींव है। मैंने भारत के कोने-कोने को विकसित बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प की सिद्धि के लिए शरीर का कण-कण, जीवन का क्षण-क्षण समर्पित है। उन्होंने जौर देते हुए कहा कि भारत को विकसित बनाने के लिए चार सबसे बड़ी प्राथमिकता है- गरीब, किसान, नौजवान और नारीशक्ति। ये चारों सशक्त हो गए, तो हर समाज, हर वर्ग, देश का हर परिवार सशक्त हो जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आप याद कीजिए, ये जो इंडी गठबंधन है, इसकी जब केंद्र में सरकार थी तब क्या स्थिति थी? तब तो कृषि मंत्री भी यहीं महाराष्ट्र से ही थे। उस समय दिल्ली से विदर्भ के किसानों के नाम पर पैकेज घोषित होता था और उसे बीच में ही लूट लिया जाता था। गांव, गरीब, किसान, आदिवासी को कुछ नहीं मिलता था। उन्होंने कहा कि आज देखिए, मैंने एक बटन दबाया और देखते ही देखते, पीएम किसान सम्मान निधि के 21 हजार करोड़ रुपये देश के करोड़ों किसानों के खाते में पहुंच गए। यही तो मोदी की गारंटी है।
मोदी ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब दिल्ली से 1 रुपया निकलता था, 15 पैसा पहुंचता था। अगर कांग्रेस की सरकार होती, तो आज जो आपको 21 हजार करोड़ रुपये मिले हैं, उसमें से 18 हजार करोड़ रुपये बीच में ही लूट लिए जाते। लेकिन अब भाजपा सरकार में गरीब का पूरा पैसा, गरीब को मिल रहा है। मोदी की गारंटी है- हर लाभार्थी को पूरा हक, पाई-पाई बैंक खाते में। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए गांव की अर्थव्यवस्था का सशक्त होना बहुत जरूरी है। इसलिए बीते 10 वर्षों में हमारा निरंतर प्रयास रहा है कि गांव में रहने वाले हर परिवार की परेशानियों को दूर करें, उन्हें आर्थिक संबल दें।
 

इसे भी पढ़ें: PM Modi पर DMK का पलटवार, कनिमोझी बोलीं- चीन दुश्मन नहीं, प्रधानमंत्री ने चीनी राष्ट्रपति को किया था आमंत्रित

प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद से लेकर 2014 तक देश के गांव में 100 में से लगभग 15 परिवार ही ऐसे थे जिनके घर पाइप से पानी आता था। इनमें से अधिकतर गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासी ही थे। ये हमारी माताओं-बहनों के लिए बहुत बड़ा संकट था। इस स्थिति से माताओं-बहनों को बाहर निकालने के लिए ही लाल किले से मोदी ने हर घर जल की गारंटी दी थी। 4-5 साल के भीतर ही आज हर 100 में से 75 ग्रामीण परिवारों तक पाइप से पानी पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि जिनको कभी किसी ने नहीं पूछा, उनको मोदी ने पूछा है, उनको पूजा है। विश्वकर्मा साथियों के लिए, बलुतेदार समुदायों के कारीगरों के लिए, कभी कोई बड़ी योजना नहीं बनी। मोदी ने पहली बार 13 हजार करोड़ रुपये की पीएम विश्वकर्मा योजना शुरु की है।

​Hindi News – News in Hindi – Latest News in Hindi | Prabhasakshi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *