दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले ही I.N.D.I.A ब्लॉक की पार्टियां अलग-थलग नजर आ रही हैं। AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को समर्थन करने के लिए शुक्रिया कहा है। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि दिल्ली में AAP हमारी विरोधी है। केजरीवाल जनता के बीच भ्रम फैला रहे हैं कि उनकी पार्टी दोबारा चुनाव जीतेंगे। इस बयान पर केजरीवाल ने तुरंत जवाब दिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस का सीक्रेट गठबंधन उजागर हो गया है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को वोटिंग होगी। 8 फरवरी को नतीजे आएंगे। केजरीवाल ने कहा- सच्चाई बताने के लिए गहलोत जी को धन्यवाद केजरीवाल ने कहा- गहलोत जी, आपने साफ कर दिया कि दिल्ली में AAP कांग्रेस का विपक्ष है। भाजपा पर आप चुप रहे। लोगों को भी यही लग रहा था कि कांग्रेस के लिए AAP विपक्ष है और बीजेपी पार्टनर है। अभी तक आप दोनों के बीच ये सहयोग चोरी छिपे था। आज आपने इसे सार्वजनिक कर दिया। इस स्पष्टीकरण के लिए दिल्ली की जनता की और से धन्यवाद। गहलोत बोले- केजरीवाल कैसे कह सकते हैं भाजपा-कांग्रेस साथ हैं
अशोक गहलोत ने कहा, “अरविंद केजरीवाल जब चुनाव में उतरते हैं तो उनके अपने पैंतरे और गणित होता है। लेकिन वह यह कैसे कह सकते हैं कि भाजपा और कांग्रेस साथ में चुनाव लड़ रहे हैं। वो जानते हैं कि ये असंभव है। मैं कहता हूं कि राजनीति चलती रहेगी, लेकिन हमने राजस्थान में जो स्वास्थ्य योजना लागू की है, उसे देखें। केंद्र भी इसे देखे और विचार करे।” AAP के साथ 3 पार्टियां, कांग्रेस के साथ कोई नहीं
दिल्ली विधानसभा चुनाव में AAP को समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना UBT का सपोर्ट मिल चुका है। केजरीवाल ने दोनों नेताओं को समर्थन के लिए शुक्रिया कहा है। शिवसेना UTB नेता संजय राउत ने कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले प्रोजेक्ट लॉन्च किए और फिर 5 साल कुछ नहीं किया। दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल के साथ है। AAP-कांग्रेस दोनों ने कहा था- दिल्ली चुनाव अकेले लड़ेंगे करीब एक महीने पहले दिल्ली चुनावों में AAP और कांग्रेस के गठबंधन की अटकलें लग रही थीं। तब 11 दिसंबर को X पर पोस्ट करके अरविंद केजरीवाल ने साफ किया था कि आम आदमी पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उसके कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना नहीं है। इसके कुछ दिन बाद 25 दिसंबर को कांग्रेस नेता अजय माकन ने दिल्ली कांग्रेस की तरफ से आम आदमी पार्टी और भाजपा के खिलाफ 12 पॉइंट का व्हाइट पेपर रिलीज किया था। तब उन्होंने कहा था कि लोकसभा चुनाव के लिए AAP के साथ गठबंधन में आना कांग्रेस की भूल थी, जिसे अब सुधारा जाना चाहिए। इसके साथ ही अरविंद केजरीवाल को देश का फ्रॉड किंग यानी सबसे बड़ा धोखेबाज बताया था। माकन ने कहा कि अगर केजरीवाल को एक शब्द में परिभाषित करना हो, तो वो शब्द ‘फर्जीवाल’ होगा। अजय माकन ने कहा- मुझे लगता है कि आज दिल्ली की जो हालत है और कांग्रेस जो यहां कमजोर हुई, उसका एक ही कारण है कि हमने 2013 में 40 दिन के लिए AAP को सपोर्ट किया था।
देश | दैनिक भास्कर